दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 मई। आदिवासी गोंड़ समाज के हजारों लोगों ने गुरुवार को शहर में विशाल रैली निकालकर कलेक्टोरेट का घेराव किया। समाज के लोग केंद्रीय कार्यालय से रैली के रूप में कलेक्टोरेट पहुंचे, जहां उन्होंने अपने विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कचहरी चौक पर चक्काजाम कर दिया गया, जिससे चारों ओर यातायात प्रभावित हो गया और शहर के प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया। समाज के लोगों ने पटेल चौक पहुंचते ही एमडी ठाकुर और सीताराम ठाकुर का सांकेतिक रुप से पुतला दहन किया। प्रदर्शन में शामिल समाज के लोगों ने चारों रास्तों पर घेराबंदी कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने खुद ही पुलिस के बेरीकेट्स उठाकर रास्तों में लगा दिए। मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सहित कई थानों की टीम मौजूद रही और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी। समाज के लोगों की मुख्य मांग धार्मिक स्थल में लगे ताले को खुलवाने की रही। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि समाज के देवालय में लगाए गए ताले से धार्मिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं, जिससे समाज में आक्रोश व्याप्त है। इसके साथ ही समाज के पुराने अध्यक्ष एम.डी. ठाकुर पर कार्रवाई की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई।
जानकारी के मुताबिक समाज की समिति में हुए चुनाव को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते समाज के दो गुट आमने-सामने आ गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि समिति के चुनाव में अनियमितताएं हुई हैं और धार्मिक स्थल को बंद कर समाज की भावनाओं को आहत किया गया है। प्रदर्शन के बाद समाज के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर देवालय का ताला तत्काल खुलवाने, विवाद की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। प्रशासन ने समाज के प्रतिनिधियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रदर्शन के चलते कलेक्टोरेट परिसर और आसपास के इलाकों में घंटों तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा रहा ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।


