दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 8 मई। रिसाली नगर निगम के वार्ड 37 जोरातराई स्थित अंबेडकर आवास परिसर में प्रस्तावित हेल्थ सेंटर निर्माण को लेकर फैल रही अफवाह पर वार्ड पार्षद हरीश नायक ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार का मकान पूरी तरह नहीं तोड़ा जा रहा है, बल्कि केवल 8 परिवारों को पास के स्थान पर शिफ्ट कर हेल्थ सेंटर का निर्माण किया जाएगा।
पार्षद हरीश नायक ने बताया कि अंबेडकर आवास का निर्माण वर्ष 2003 में शुरू हुआ था, लेकिन करीब 5 से 6 साल बाद भी परियोजना पूरी नहीं हो सकी। लंबे समय तक मकान खाली रहने के कारण वर्ष 2010-12 के बाद बाहर से आने वाले मजदूरों को वहां अवैध रूप से ठहराया जाने लगा। इसके बाद आसपास के कुछ लोगों ने भी आवासों पर कब्जा कर लिया। कई लोग इन मकानों का उपयोग किराए व स्टोर रूम के रूप में भी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में वहां रहने वाले कुछ लोग 25 से 30 साल से निवास करने का दावा कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह नहीं है। पार्षद ने यह भी कहा कि बिजली, पानी या अन्य किसी प्रकार का टैक्स जमा करने के दावे भी गलत हैं।
यदि कोई टैक्स जमा कर रहा है तो उसके दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं।
पार्षद ने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता लोगों को यह कहकर गुमराह कर रहे हैं कि सभी मकानों को तोड़ा जाएगा, जबकि ऐसा नहीं है। केवल 8 परिवारों को पहले दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा, उसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित हेल्थ सेंटर का लाभ जोरातराई सहित आसपास के वार्डों के लोगों को मिलेगा। भविष्य में इसे ईएसआईसी से जोडऩे की भी योजना है, जिससे भिलाई स्टील प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी।
पार्षद ने यह भी स्पष्ट किया कि वे वार्ड छोडक़र कहीं नहीं गए हैं। नोटिस मिलने के बाद कई लोगों ने उनसे संपर्क किया था, जिन्हें उन्होंने पूरी जानकारी दी और भरोसा दिलाया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।


