दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 8 मई। नगर निगम रिसाली अंतर्गत ग्राम डुंडेरा में लगातार बढ़ रहे सडक़ हादसों और तेज रफ्तार वाहनों के कारण ग्रामीणों में चिंता और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गांव के विभिन्न चौक-चौराहों, स्कूलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की है।
इसी संबंध में नगर निगम रिसाली के पूर्व एल्डरमेन तरुण बंजारे ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। तरुण बंजारे ने बताया कि अन्य जिलों से आने वाली लोडिंग गाडिय़ां उतई से मोरिद, भिलाई-3, रायपुर और प्लांट क्षेत्र की ओर जाने के लिए डुंडेरा मार्ग का उपयोग करती हैं। इसके चलते गांव से होकर भारी वाहनों और ट्रकों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। कई वाहन चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं, जिससे सडक़ दुर्घटनाओं का खतरा हर समय बना रहता है। उन्होंने कहा कि गांव में स्कूल और प्रमुख चौक स्थित होने के कारण बच्चों, बुजुर्गों और ग्रामीणों की आवाजाही अधिक रहती है, लेकिन सडक़ सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से लोगों को भय के माहौल में सडक़ पार करनी पड़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार, लगभग एक वर्ष पूर्व गांव के चौक में हुए एक गंभीर सडक़ हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। वहीं हाल के दिनों में कई छोटे-बड़े हादसे भी सामने आए हैं, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि स्कूलों, मुख्य चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तत्काल स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, ताकि वाहनों की रफ्तार नियंत्रित हो सके और भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।


