दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 मई। कुम्हारी थाना क्षेत्र में एक आरोपी को देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और 2 लाख रुपये नगदी के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खारून नदी स्थित रेलवे ब्रिज के नीचे एक व्यक्ति सफेद प्लास्टिक बोरी में अवैध हथियार और नगदी लेकर बिक्री करने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस ने टीम बनाकर मौके पर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अविनाश आष्टिकर निवासी कबीर नगर रायपुर बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक लोहे का देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, 2 लाख रुपये नगद और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया।
आरोपी के पास इन सामानों के कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद पुलिस ने सभी सामग्री जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ थाना कुम्हारी में आम्र्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


