दुर्ग

शहर की सडक़ों की सफाई में आई रफ्तार, आधुनिक मशीन से घंटों में हो रहा कार्य
07-May-2026 5:44 PM
शहर की सडक़ों की सफाई में आई रफ्तार, आधुनिक मशीन से घंटों में हो रहा कार्य

दुर्ग, 7 मई। नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देशानुसार शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।  इसी क्रम में अब नगर निगम द्वारा आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए सडक़ सफाई कार्य में उल्लेखनीय तेजी लाई गई है। शहर क्षेत्र के अंतर्गत निगम प्रशासन द्वारा रोड स्वीपिंग (मशीन आधारित सफाई) कार्य को ट्रैफिक कम होने के पश्चात रात्रिकालीन समय में संचालित किया जा रहा है। इस पहल से न केवल सफाई कार्य में गति आई है, बल्कि दिन के समय यातायात भी प्रभावित नहीं हो रहा है।

उक्त आधुनिक मशीन की विशेषता यह है कि यह लगभग 15 किलोमीटर लंबी एवं 10 फीट चौड़ा क्षेत्रफल को मात्र 8 घंटे में साफ करने की क्षमता रखती है। इससे पहले यही कार्य मैन्युअल रूप से करने में लगभग एक सप्ताह का समय लगता था। जानकारी के मुताबिक मशीन के माध्यम से सफाई कार्य में न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आया है। उन्होंने बताया कि निगम का लक्ष्य है कि शहर की सभी प्रमुख सडक़ों को नियमित रूप से मशीन के माध्यम से साफ कर नागरिकों को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण उपलब्ध कराया जाए। नगर निगम प्रशासन द्वारा किए जा रहे इस नवाचार से शहरवासियों को साफ-सुथरी सडक़ें मिलने के साथ ही स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।


अन्य पोस्ट