दुर्ग
दुर्ग, 6 मई। उतई थाना अंतर्गत दो अलग-अलग जगह पर कटरबाजी की घटना हो गई। दोनों ही मामले में घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि बीती रात मरोदा में घर के बाहर बैठे युवक सुजल सिंह पर अज्ञात हमलावर ने हमला कर दिया और धारदार कटर से लगातार वार किया। इससे सुजल के छाती, हाथ, पैर में गहरी चोटें आई और उसे गंभीर स्थिति में तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां से उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश प्रारंभ कर दी है।
इसी तरह एक अन्य मामले में पुरानी बात को लेकर जोरातराई निवासी निकेश सिक्का पर एक अपचारी बालक ने कटर से वार कर दिया। इससे निकेश को चोटें आई और उसे तत्काल इलाज के लिए भर्ती किया गया है। घटना के बाद अपचारी बालक को पुलिस ने पकड़ लिया है। दोनों ही मामले में पुलिस जांच कर रही है।


