दुर्ग

रेप आरोपी के अवैध मकान पर चला बुलडोजर
05-May-2026 10:03 PM
रेप आरोपी के अवैध मकान पर चला बुलडोजर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 5 मई। दुर्ग जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नाबालिग से रेप के मामले में जेल में बंद आरोपी के अवैध मकान पर कल बुलडोजर चलाकर उसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

जानकारी के अनुसार आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा  के खिलाफ नाबालिग बालिका से रेप और मारपीट का मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी और उसके परिजन ग्राम पुरैना में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बनाकर रह रहे थे। नगर निगम प्रशासन द्वारा पूर्व में नोटिस जारी कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन समय सीमा खत्म होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया।

इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की। मकान ढहाने से पहले अंदर रखी सामग्री को विधिवत जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कब्जा और गंभीर अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 इस कार्रवाई को क्षेत्र में अन्य अपराधियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।


अन्य पोस्ट