दुर्ग
साइलेंसर वाली 4 बुलेट भी पकड़ी गईं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 5 मई। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए यातायात पुलिस ने रविवार को सख्त अभियान चलाया। इस दौरान नो-पार्किंग में खड़े 67 वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई की गई, वहीं तेज आवाज करने वाले संशोधित साइलेंसर लगी 4 बुलेट मोटरसाइकिलों पर भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार 3 मई को चलाए गए अभियान का उद्देश्य बाजार क्षेत्रों में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना था। इसी कड़ी में आकाश गंगा मार्केट, दक्षिण गंगोत्री, सुपेला मार्केट और पावर हाउस मार्केट क्षेत्रों में रात्रि के समय विशेष निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दुकानों के बाहर रखे सामान और बोर्ड हटाने, सडक़ पर किए गए अतिक्रमण को समाप्त करने तथा यातायात बाधा पैदा करने वाले कारणों को तुरंत दूर करने के निर्देश मौके पर ही दिए गए। पुलिस ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि वे अपने प्रतिष्ठानों के सामने अतिक्रमण न करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।


