दुर्ग

कमीशन पर सिम बेच अवैध लेन-देन, 4 बंदी
05-May-2026 2:45 PM
कमीशन पर सिम बेच अवैध लेन-देन, 4 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 5 मई।
फर्जी सिम कार्ड के जरिए संचालित एक संगठित धोखाधड़ी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरोह लोगों के नाम पर सिम कार्ड जारी करा कर उन्हें कमीशन के आधार पर अन्य व्यक्तियों को बेचता था और इन सिम का इस्तेमाल अवैध आर्थिक लेन-देन में किया जा रहा था।

नेवई पुलिस के अनुसार रिसाली बस्ती निवासी आयुष ताम्रकार ने थाना नेवई में शिकायत दर्ज कराई कि उसके एक परिचित ने विश्वास में लेकर उसके नाम से सिम कार्ड जारी कराया और उसे वापस न करते हुए अन्य लोगों को दे दिया।

विवेचना में सामने आया कि मुख्य आरोपी टी भार्गव राव ने आयुष को मोबाइल दुकान ले जाकर उसके नाम से सिम कार्ड निकलवाया और अपने पास रख लिया। इसके बाद इस सिम को क्रमश: अन्य आरोपियों को अधिक कीमत पर बेच दिया गया। इस तरह एक चेन बनाकर सिम कार्ड का इस्तेमाल अवैध ट्रांजैक्शन के लिए किया जा रहा था।

मामले में अपराध धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में केस दर्ज कर तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर 4 आरोपियों को 4 मई को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से घटना में इस्तेमाल किए गए 3 मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में टी भार्गव राव (20) निवासी लक्ष्मीनगर रिसाली भिलाई, ज्ञानेश मंडावी (19) निवासी इंदिरा नगर उतई, हर्षित साहू (21) रिसाली गांव नेवई, दीपक प्रजापति (20) खुर्सीपार भिलाई शामिल हैं। मामले में एक अन्य आरोपी फैजान कुरैशी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

 


अन्य पोस्ट