दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 मई। 1 मई मजदूर दिवस पर ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस अध्यक्ष क्षितिज चंद्राकर के नेतृत्व में आयोजित बोरे बासी तिहार में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित जिले के तीनों जिलाध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, राकेश ठाकुर, मुकेश चंद्राकर के साथ सभी वरिष्ठ नेता गण शामिल हुए।
मजदूर दिवस के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा की डबल इंजन सरकार मजदूर किसान के लिए नहीं बल्कि पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस शासन में हजारों उद्योगों की स्थापना हुई जिसमें करोड़ों लोगों को रोजगार मिला, लेकिन भाजपा के प्रदेश के 18 वर्ष और केंद्र के 12 वर्ष के शासन में केवल उद्योगों को बेचने का और मजदूरों को बेरोजगार करने का कार्य कर रही है भाजपा सरकार इसका प्रत्यक्ष उदाहरण दुर्ग जिले में भिलाई इस्पात संयंत्र है जिसमें कांग्रेस शासन में 1980 में 60 हजार नियमित कर्मचारी होते थे जो आज केवल उनकी संख्या 12 हजार हो गई है। अभी सेक्टर 9 हॉस्पिटल को भी निजीकरण करने की तैयारी कर रही है कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करती है वर्तमान सरकार केवल जल जमीन जंगल और उद्योगों को बेचने का कार्य कर रही है और मजदूरों को बेरोजगार कर रही है।
दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि बोरे बासी मजदूर किसानों का आहार है छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और पहचान को आगे बढ़ाने का कार्य कांग्रेसीन किया है । कांग्रेसी ऐसी पार्टी है जो मजदूर गरीब किसान सभी वर्ग का सम्मान करती है और सबके हितों की रक्षा करने का कार्य करती है।
जिला ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा प्रदेश की भाजपा सरकार को आम जनता की मजदूरों की किसानों की समस्याओं से कोई सरोंकार नहीं है प्रदेश नशे में डूबता जा रहा है दुर्ग जिले सहित प्रदेश में अपराध बढ़ता जा रहा है एक ही दिन में जिले में पांच हत्या होना जिले की कानून व्यवस्था को दिखाता है और प्रदेश के गृह मंत्री सहित पूरे विधायक मंत्री प्रदेश को छोडक़र बंगाल चुनाव में प्रचार में व्यस्त रहे ।
बोरे बासी मजदूर दिवस में प्रमुख रूप से भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र साहू, दीपक दुबे, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, आनंद ताम्रकार, प्रवक्ता नासिर खोखर, अनूप वर्मा, आयुष शर्मा, रायसिंह ढिकोला, अब्दुल गनी, अजय शर्मा, प्रेमलता साहू, धनंजय साहू, खुशबू साहू, यस बाकलीवाल, राजकुमार पाली, अजय मिश्रा, सुनीत घोष, रत्ना नारमदेव, सौरभ ताम्रकार, सहित दुर्ग शहर , दुर्ग ग्रामीण, भिलाई शहर के अन्य सैकड़ों कांग्रेसी उपस्थित रहे ।
बोरे बासी दिवस, श्रमिकों के सम्मान और छत्तीसगढ़
की संस्कृति का प्रतीक — राकेश ठाकुर
अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशानुरूप मनाए जा रहे बोरे बासी दिवस के तहत जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि यह दिवस छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपरा और मेहनतकश वर्ग के सम्मान का प्रतीक है। श्री ठाकुर ने कहा कि बोरे बासी केवल एक पारंपरिक भोजन नहीं, बल्कि श्रमिकों, किसानों और आमजन के परिश्रम, सादगी और आत्मसम्मान का प्रतीक है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा इस परंपरा को पुनर्जीवित कर इसे सम्मान दिलाने का कार्य सराहनीय है, जिससे प्रदेश की संस्कृति को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव श्रमिकों के अधिकारों, उनके सम्मान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रही है। मजदूर दिवस हमें यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम श्रमिक वर्ग के हितों की रक्षा और उनके सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।


