दुर्ग

खाद्य एवं औषधि प्रशासन का सघन जांच अभियान जारी
01-May-2026 6:47 PM
खाद्य एवं औषधि प्रशासन का सघन जांच अभियान जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 मई।
राज्य शासन द्वारा  27 अप्रैल से 11 मई तक सही दवा-शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार थीम के अंतर्गत 15 दिवसीय सघन जांच अभियान संचालित किये जाने हेतु प्रत्येक जिले में कार्यरत खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है।

औषधि शाखा द्वारा जांच अभियान के चतुर्थ दिवस 30 अप्रैल को जिले में ग्रामीण अंचलों में संचालित प्रसाधन सामग्री विक्रेताओं का निरीक्षण किया गया। पाटन विकासखण्ड स्थित मेसर्स अजंता फैंसी एवं फेड स्टोर्स, भरत चौक, पाटन एवं मेसर्स लक्ष्मी फैंसी प्रोव्हिजन भरत चौक पाटन का निरीक्षण औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 नियमावली 1945 के तहत् किया गया एवं क्रय-विक्रय रिकार्ड का संधारण पूर्णत: नियमानुसार नहीं पाया गया, जिस पर सख्त निर्देश दिये गए कि उनके द्वारा कास्मेटिक सामान का क्रय अधिकृत विक्रेताओं/ एजेंसी से बिल के माध्यम से किया जाए। साथ ही मेसर्स न्यू ममता मेडिकल स्टोर्स पाटन में फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाए गए एवं विक्रय रिकार्ड का संधारण नियमानुसार नहीं पाया गया जिस पर नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

उक्त फर्मों के अलावा मेसर्स छबि मेडिकल, सिकोला एवं पाटन में संचालित पटेल मेडिकल, ममता मेडिकल, उर्मी मेडिकल, सांईकृपा मेडिकल, वर्मा मेडिकल एजेंसी, शर्मा मेडिकल रानीतरई रोड, मिश्रा मेडिकल पुराना बाजार चौंक का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण टीम द्वारा कास्मेटिक सामान का क्रय अधिकृत विक्रेताओं/एजेंसी से बिल के माध्यम से करने हेतु सख्त निर्देश दिये गए। कुल 11 फर्मों का निरीक्षण किया गया। भविष्य में भी इस तरह की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
इसी प्रकार खाद्य शाखा द्वारा जांच अभियान में ग्रामीण अंचलों में संचालित उतई क्षेत्र स्थित सम्राट मिष्ठान भण्डार, कबीर स्वीटस, प्रेम स्वीट्स एवं जैन स्वीट्स, मरोदा क्षेत्र स्थित देवांगन होटल एवं यादव होटल, सेलूद की जांच/निरीक्षण खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत् किया जा रहा है, जिसमें संचालकों को उचित साफ-सफाई के साथ व्यवसाय संचालित किये जाने का निर्देश दिया गया। अखबारी पेपर उपयोग नहीं किये जाने व हेडकैप, ग्लब्स, एपरॉन उपयोग में लाये जाने हेतु हिदायत दी गई एवं निर्देशित किया गया कि नियमों का उल्लंघन पाये जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी।


अन्य पोस्ट