दुर्ग

दुर्ग : 12वीं में 2 और 10वीं में 4 विद्यार्थी टॉप टेन में
30-Apr-2026 3:36 PM
दुर्ग : 12वीं में 2 और 10वीं में 4 विद्यार्थी टॉप टेन में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 30 अप्रैल। रोजी मजदूरी करने वाले परिवारों में भी प्रतिभाएं निखरने लगी है। सीजी 10वीं-12वीं बोर्ड की मेरिट में ऐसे परिवारों की दो बेटियां ने जगह बनाई है। अंशु गुप्ता तथा तनुजा के पिता मजदूरी कर बेटियों को पढ़ा रहे हैं। इन दोनों बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। दोनों मेरिट में स्थान प्राप्त की है।

वहीं दूसरी ओर पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कुम्हारी की छात्रा रिया साहू ने एक बार फिर दुर्ग जिले का नाम रोशन किया है। सीजी बोर्ड 12वीं की मेरिट में चौथा स्थान प्राप्त किया है। इसके पहले रिया साहू दसवीं की मेरिट लिस्ट में 10वां पोजीशन प्राप्त की थी। यानी दसवीं की मेरिट को रिया ने 12वीं में भी बरकरार रखने में सफलता अर्जित की है। इसी तरह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैंप वन भिलाई के छात्र अंशु गुप्ता को 12वीं मेरिट में दसवां स्थान मिला है।

 दसवीं बोर्ड मेरिट में शासकीय प्रयास आवासीय विद्यालय दुर्ग के साहिल बरेठ ने चौथा, सेजस रानीतराई की छात्रा तनुजा वर्मा आठवां, शासकीय प्रयास आवासीय विद्यालय दुर्ग के शौर्य गहीने नौवा तथा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बोरई की छात्रा तुलसी साहू को दसवां स्थान मिला है।

सीजी 10वीं-12वीं बोर्ड के परीक्षा परिणाम बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव की मौजूदगी में जारी किया गया। इस बार दुर्ग जिले के छह विद्यार्थियों ने मेरिट लिस्ट में जगह बनाने कामयाब हुए। इन मेरीटोरियस छात्र-छात्राओं ने कहा कि मोबाइल का उपयोग केवल स्टडी मैटेरियल के लिए किया गया। अमूमन मोबाइल से दूर ही रहे।

रोजाना कम से कम 5 घंटे की नियमित पढ़ाई से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। 12वीं बोर्ड की मेरिट में 2 विद्यार्थी तथा 10 वीं में 4 विद्यार्थी जगह बना सके। जिले में 12वीं बोर्ड का परीक्षा फल 77.91त्न है। वहीं दसवीं का परीक्षा परिणाम 63.12 फीसदी है।

रिया साहू इंजीनियर बनना चाहती है

पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कुम्हारी की बारहवीं की छात्रा रिया साहू जेईई के एग्जाम की तैयारी कर रही है। आईआईटी की पढ़ाई कर वह इंजीनियर बनना चाहती है। रिया को बैडमिंटन से विशेष लगाव है। वह सेल्फ स्टडी तथा टीचर सपोर्ट से मेरिट में जगह बनाई है। रिया के पिता रमेश कुमार साहू का ऑटो गैरेज है। मम्मी रिंकी साहू हाउसवाइफ है। रिया को फिजिक्स में पूरे 100 अंक प्राप्त हुए हैं। गणित में 99 तथा केमिस्ट्री में 97 अंक है।

डॉक्टर बनकर गरीबों की सेवा करना चाहता हूं साहिल

शासकीय प्रयास आवासीय विद्यालय दुर्ग के साहिल बरेठ ने दसवीं बोर्ड मेरिट में चौथा स्थान प्राप्त किया है। रोजाना 5-6 घंटे की पढ़ाई से यह मुकाम हासिल किया है। बायोलॉजी लेकर वह आगे की पढ़ाई करेगा। साथ में नीट की तैयारी करेगा। भविष्य में वह डॉक्टर बनकर गरीबों की सेवा करना चाहता है। कोरबा निवासी साहिल का मानना है कि यह एक नोबल प्रोफेशन है। साहिल के पिता रमेश कुमार का कोरबा में मेडिकल शॉप है। मम्मी भानुमति हाउसवाइफ है।

 

तनुजा वर्मा गणित लेकर पढ़ाई करना चाहती है

सेजस रानीतराई की छात्रा तनुजा वर्मा को दसवीं मेरिट में आठवां स्थान प्राप्त हुआ है। वह आगे की पढ़ाई गणित लेकर करना चाहती है। तनुजा के पापा सुनील वर्मा भारतमाला प्रोजेक्ट में मजदूरी का कार्य करते हैं तथा मम्मी सत्यभामा हाउसवाइफ है। रिजल्ट के दिन वह अपने नाना के यहां गई हुई थी।

सीए बनना चाहती है तुलसी साहू

शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बोरई की दसवीं की छात्रा तुलसी साहू को मेरिट में दसवां स्थान मिला है। परीक्षा के समय उन्होंने 5-6 घंटे नियमित रूप से पढ़ाई की। कभी ट्यूशन का सहारा नहीं लिया। मोबाइल भी कम समय के लिए चलाती थी। कॉमर्स विषय के साथ वह भविष्य में सीए बनना चाहती है। तुलसी के पिता लेखराम साहू का बोरई में किराना दुकान है तथा माता विशाखा बाई गृहणी है।


अन्य पोस्ट