दुर्ग
भिलाई नगर, 29 अप्रैल। दुर्ग पुलिस ने हत्या एवं लूट के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एवं लूटी गई रकम बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में मुख्य आरोपी योगेंद्र निषाद उर्फ बाठु को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर मृतक नारायण उर्फ रामनारायण के साथ पहले मारपीट की और बाद में उसे घसीटकर दुर्गा मंच के पास ले जाकर पत्थर से चेहरे और सिर पर वार कर हत्या कर दी।
घटना की वजह मृतक की जेब से 2400 रुपये निकालने के दौरान विरोध करना बताया गया है, जिससे विवाद बढ़ गया और वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरण्डम के आधार पर लूटी गई रकम में शेष 300 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित तकिया जब्त किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।


