दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 29 अप्रैल। सडक़ सुरक्षा को लेकर दुर्ग पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले एक सप्ताह में 133 वाहन चालकों पर मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है।
यातायात पुलिस दुर्ग एवं जिले के सभी थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट लगाकर ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शराब के नशे में वाहन चलाने से होने वाली सडक़ दुर्घटनाओं पर रोक लगाना, जनहानि में कमी लाना और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना है। लगातार हो रही कार्रवाई के चलते सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं और दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस एवं थाना स्टाफ की संयुक्त टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई, जिसकी सराहना की गई है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब सेवन के बाद वाहन न चलाएं। इससे न केवल स्वयं की बल्कि अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


