दुर्ग

इसरो के वैज्ञानिकों के साथ काम करेगी 9वीं की छात्रा अमीषा निषाद
28-Apr-2026 3:56 PM
इसरो के वैज्ञानिकों के साथ काम करेगी 9वीं की छात्रा अमीषा निषाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 28 अप्रैल। सेजस जामगांव आर की होनहार एवं प्रतिभावान छात्रा अमीषा निषाद को इसरो के वैज्ञानिकों के साथ कार्य करने का अवसर मिलेगा। इसरो की ‘युविका’ यानी युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम के तहत अमीषा का चयन हुआ है। यह स्कूली छात्रों के लिए एक विशेष ग्रीष्मकालीन आवासीय कार्यक्रम है, जो नवमीं कक्षा के छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान, तकनीक और अनुप्रयोगों का बुनियादी ज्ञान देने के लिए आयोजित किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि जगाना और उन्हें वैज्ञानिकों से सीखने का मौका देना है।

कार्यक्रम के तहत प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर चयन किया जाता है। अमीषा निषाद को राष्ट्रीय लेवल के सतीश धवन स्पेस सेंटर श्रीहरिकोटा, तिरुपति जिला आंध्र प्रदेश में 10 मई से 22 मई तक इसरो केंद्र की संपूर्ण जानकारी के साथ उन्हें विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण भी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

स्कूल की एटीएल इंचार्ज मैथ्स व्याख्याता विनीता सुधीर जो अमीषा निषाद की गाइड टीचर है, इन्होंने बताया कि इसरो से रजिस्ट्रेशन लिंक आया था जिसमें कक्षा नवमीं के उन बच्चों को पार्टिसिपेट करना होता है जो साइंस के फील्ड में अच्छा वर्क कर रहे हैं। इसके अलावा प्रीवियस क्लास के एकेडमिक अचीवमेंट को भी देखा जाता है।

दरअसल अमीषा निषाद ने अगस्त सितंबर 2025 में बेंगलुरु में आयोजित नेशनल लेवल यंग साइंटिस्ट इंडिया अवार्ड में अपनी प्रतिभा दिखाई थी। इसके अलावा वर्ष 2026-27 में उपग्रह के लांचिंग के लिए शक्ति सैटेलाइट के कोडिंग प्रोग्राम के लिए भी अमीषा निषाद का चयन हुआ है। अमीषा निषाद की इस उपलब्धि के लिए प्राचार्य कविता साहू, एटीएल इंचार्ज विनीता सुधीर, पिता उमेश कुमार निषाद, माता श्रीमती प्रेमलता निषाद, एसएमडीसी के अध्यक्ष अंगेश्वर साहू एवं सभी सदस्य तथा स्कूल स्टाफ ने उसकी उज्जवल भविष्य की कामना की है।


अन्य पोस्ट