दुर्ग

एआई वीडियो से गुस्साए कांग्रेसी, मामला तूल पकड़ते ही दो इंस्टाग्राम आईडी बैन
28-Apr-2026 3:50 PM
एआई वीडियो से गुस्साए कांग्रेसी, मामला तूल पकड़ते ही दो इंस्टाग्राम आईडी बैन

7 दिनों के अंदर कार्रवाई का मांगा विस्तृत ब्यौरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 28 अप्रैल।  जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, भिलाई नगर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने रविवार को पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल से मुलाकात कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे फेक एवं आपत्तिजनक एआई जनरेटेड वीडियो को लेकर कड़ा विरोध दर्ज करते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की थी। मामला तूल पकड़ते ही दो इंस्टाग्राम आईडी बैन कर दिए गए।

इधर राज्य महिला आयोग ने मामले में स्वत: संज्ञान लेकर एफआई आर दर्ज करने एसपी दुर्ग को निर्देश दिए। साथ ही 7 दिनों के अंदर कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा मांगा है। वहीं कांग्रेसियों ने भी विभन्न थानों में ज्ञापन सौंपा। गौरतलब हो कि इंस्टाग्राम पर कांग्रेस पोल खोल एवं रैंडम छत्तीसगढ़ नामक आईडी के माध्यम से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से भ्रामक, असत्य एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही थी।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने इसे न केवल व्यक्तिगत चरित्र हनन का प्रयास बताया, बल्कि समाज में वैमनस्य फैलाने और राजनीतिक वातावरण को विषाक्त करने की साजिश करार दिया था। साथ ही सोमवार सुबह जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के निर्देशानुसार प्रभारी महामंत्री राजीव गुप्ता ने सभी जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्षगण को तत्काल पूरे मामले को लेकर अपने अपने संबंधित पुलिस थाना में अपराध दर्ज कराने के निर्देश जारी किए गए थे जिसके बाद शाम 5 बजे जिले भर के कांग्रेसी अपने अपने नजदीकी थाना जिसमे जामगांव आर, कुम्हारी, भिलाई-3, नंदिनी नगर अहिवारा, जामुल, धमधा, अंडा, जेवरा सिरसा, रानीतराई शामिल है पहुंचकर ब्लॉक अध्यक्षों के नेतृत्व में विरोध दर्ज कराते हुए तत्काल एफआईआर और गिरफ्तारी के मांग पर कांग्रेसी अड़े रहे।

जिसके बाद आपत्तिजनक पोस्ट किए गए दोनों ही इंस्टाग्राम आईडी को बैन कर दिया गया और इंस्टाग्राम से दोनों आईडी हटा दिया गया लेकिन कांग्रेसी आईडी संचालकों के तत्काल गिरफ्तरी की मांग पर अड़े रहे। पुलिस द्वारा जल्द कड़ी कार्यवाही करने का आश्वासन दिया गया है। जामगांव आर एवं रानीतराई में ब्लॉक अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कुम्हारी मनहरण यादव, भिलाई 3 श्रीकांत वर्मा, नंदिनी नगर अहिवारा उमेश साहू एवं संतोष बाफना, जामुल कमलेश साहू, धमधा शिवकुमार वर्मा, अंडा देवेंद्र देशमुख, जेवरा सिरसा में कोषाध्यक्ष विक्रांत अग्रवाल के नेतृत्व में थाने पहुंचे।

सुबह लगभग 10 बजे जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के निर्देश के बाद प्रभारी महामंत्री राजीव गुप्ता द्वारा जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष को पत्र लिख निर्देश

दिए गए कि आप सभी अपने अपने ब्लॉक में स्थित पुलिस थाना पहुंचकर उक्त पूरे मामले में अपराध दर्ज कराएं, जिसके बाद सभी ब्लॉक अध्यक्ष बड़ी संख्या में जिले भर के थाना पहुंच कर गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

 साइबर सेल को महिला आयोग का नोटिस, 7 दिन में कार्यवाही का मांगा विस्तृत ब्यौरा यह कार्रवाई कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में जिले भर के थानों में शिकायत दर्ज कराने के बाद किया गया है जिसको आयोग ने संज्ञान लिया है।

महिला आयोग ने साइबर सेल को वीडियो की तकनीकी जांच कर उसके मूल स्रोत का पता लगाने और उसे प्रसारित करने वालों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक को इस मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। आयोग ने पुलिस प्रशासन और साइबर प्रकोष्ठ को सात दिनों के भीतर की गई कार्रवाई की विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिए हैं।


अन्य पोस्ट