दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 25 अप्रैल। दुर्ग पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों से दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों और 1 विधि से संघर्षरत बालक को पकडऩे में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 1 एक्टिवा स्कूटी सहित कुल 6 चोरी के वाहन बरामद कर जब्त किए हैं।
सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव ने बताया कि सुखदेव पाण्डेय निवासी मदर टेरेसा नगर, कैम्प-1 भिलाई ने 1 जनवरी 2026 को थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 दिसंबर 2025 को नेहरू नगर अटल प्रतिमा के पास से उसकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-07-सीएल-4739 चोरी हो गई थी। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान 24 अप्रैल को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुपेला के लक्ष्मी नगर क्षेत्र से संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित रूप से अलग-अलग स्थानों से वाहन चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर भिलाई नगर रेलवे स्टेशन के गौठान क्षेत्र की झाडिय़ों से 6 दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 112(2) के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि अन्य मामलों में भी उनसे पूछताछ जारी है।
पकड़े गए आरोपी हर्ष साहू, गजानंद यादव, देवेन्द्र यादव, अजय पटेल एवं एक विधि से संघर्षरत बालक है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित तरीके से पार्क करें, सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


