दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाईनगर, 25 अप्रैल। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्रांतर्गत आज विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर शासन की मंशानुरूप एवं आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के निर्देशों के परिपालन में शहर को मलेरिया मुक्त बनाने हेतु वृहद जागरूकता अभियान चलाया गया।
निगम के जोन-1 (नेहरू नगर) के अंतर्गत वार्ड-5 कोसानगर (राधाकृष्ण मंदिर के पीछे की बस्ती) तथा जोन-3 (मदर टेरेसा नगर) के अंतर्गत वार्ड-33 संतोषी पारा (हुडको क्वार्टर) में जन जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली के माध्यम से आम नागरिकों को मलेरिया रोधी नारों के जरिए बीमारी से बचाव के उपाय बताए गए। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित जनों ने भिलाई शहर में स्वच्छता अपनाते हुए ‘मलेरिया मुक्त शहर’ बनाने का दृढ़ संकल्प लिया गया।
अभियान का मुख्य संदेश ‘हर बुखार की जांच - मलेरिया की पहचान’ रहा। स्वास्थ्य दल द्वारा नागरिकों को समझाया गया कि घरों के आसपास जल जमाव न होने दें। मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए रुके हुए पानी का उचित निपटान करें। स्वच्छता ही मलेरिया से बचाव का सबसे कारगर हथियार है।
इस संपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक के.के. सिंह एवं उनके विशेष दस्ते का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही जिला मलेरिया विभाग से मोहन राव एवं उमेश कपूर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जोन-1 एवं जोन-3 के सुपरवाइजर क्रीस्टोपर, पप्पू यादव, टिकेश्वर साहू, एम. रवि, हीरापाल तथा क्रांति शहरी महिला क्षेत्रीय स्तरीय समूह से सीमा जोशी एवं मधु जोशी ने विशेष सहयोग प्रदान किया।


