दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 25 अप्रैल। नगर पालिक निगम भिलाई जोन 02 वैशाली नगर अंतर्गत नाली के उपर किये गये अवैध अतिक्रमण को निगम की टीम ने ध्वस्त किया। स्थानीय निवासियों द्वारा जनदर्शन में शिकायत दर्ज किया गया है कि कुछ मोहल्लेवासी अपने घरों के सामने गाड़ी निकालने एवं चढ़ाने के लिए रैम्प बनाए हैं, जिसके कारण गली में चलने फिरने में परेशानी होती थी। निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय को प्राप्त सूचना के आधार पर जोन-2 का राजस्व विभाग एवं बेदखली की संयुक्त टीम द्वारा मौका निरीक्षण किया गया। स्थल पर पाया गया कि कुछ स्थानीय लोगों द्वारा घरों के सामने नाली के उपर अतिक्रमण कर रैम्प बनाया गया है, जिससे गली सकरा हो गया है और आवागमन में असुविधा हो रही है।
संयुक्त टीम ने पंचनामा तैयार कर जेसीबी के माध्यम से अवैध निर्माण को ध्वस्त किया है। साथ ही उनको समझाइस दी गई की दुबारा निर्माण करने पर अर्थदण्ड भी अधिरोपित किया जाएगा।


