दुर्ग
दुर्ग, 24 अप्रैल। भक्त माँ कर्मा पर आधारित फीचर फिल्म के निर्माण से जुड़ी टीम ने दुर्ग स्थित वोरा निवास पहुंचकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा की पत्नी मंजू अरुण वोरा से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर बिलासपुर से आए फिल्म जगत के विभिन्न पदाधिकारियों और कलाकारों ने फिल्म के विषय, उद्देश्य एवं निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं।
प्रतिनिधिमंडल में फिल्म निर्माता अजय खांडेकर (अध्यक्ष, एसोसिएशन), संरक्षक छत्तीसगढ़ फिल्म वेलफेयर एसोसिएशन सोसायटी अजय शर्मा (धमनी वाले), उपाध्यक्ष सन्निधि राव, डायरेक्टर शशिकांत कौशिक, स्क्रिप्ट राइटर राजेश साहू, संगीतकार एवं गीतकार डी.पी. विश्वकर्मा, फिल्म निर्माता डॉ. सोहन लाल वर्मा (एसोसिएशन सचिव) एवं रामनाथ साहू शामिल रहे। उनके साथ छत्तीसगढ़ी फिल्म प्रमोटर और कांग्रेस नेता विकास यादव भी उपस्थित थे।
इस मुलाकात के दौरान फिल्म के माध्यम से माँ कर्मा के जीवन, समाजसेवा और सांस्कृतिक योगदान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने की रूपरेखा पर चर्चा हुई।
श्रीमती वोरा ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की फिल्में हमारी संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनती हैं।
टीम ने बताया कि फिल्म का उद्देश्य न केवल मनोरंजन, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश और सांस्कृतिक जागरूकता फैलाना भी है। मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें क्षेत्रीय सिनेमा के विकास और सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।


