दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 22 अप्रैल। दुर्ग जिले की नंदिनी नगर पुलिस ने घेराबंदी कर अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर अवैध देशी शराब लेकर उसे बिक्री करने की फिराक में कहीं जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना नंदिनी नगर की टीम ने तत्काल माईनिंग चौक, ग्राम पोटिया मोड़ (अहिवारा) के पास मोर्चा संभाला और संदिग्धों की प्रतीक्षा करने लगी।
घेराबंदी कर पकड़ाए
अहिवारा मेन रोड पर पुलिस टीम ने जैसे ही संदिग्ध मोटरसाइकिल को आते देखा, योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया। पूछताछ के दौरान बाइक सवार व्यक्तियों ने अपनी पहचान राहुल बंजारे (28 वर्ष) और विजय बंजारे (35 वर्ष) निवासी ग्राम गिरहोला के रूप में दी। जब पुलिस ने उनकी तलाशी ली, तो उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध देशी मदिरा बरामद हुई। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शराब को अवैध रूप से बिक्री करने के उद्देश्य से ले जा रहे थे।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू की।
पुलिस की इस कार्रवाई में आरोपियों के पास से 60 पौवा देशी मदिरा शराब बरामद की गई है, जिसकी बाजार दर लगभग 6 हजार रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
थाना नंदिनी नगर में आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
गिरफ्तारी के पश्चात दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


