दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 अप्रैल। संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण के उद्देश्य से आयोजित होने वाला महाकौशल जैन मूर्तिपूजक संघ का प्रतिष्ठित ग्रीष्मकालीन शिविर इस वर्ष दुर्ग में आयोजित किया जा रहा है। करीब 7-8 वर्षों के अंतराल के बाद यह गौरवपूर्ण अवसर दुर्ग संघ को प्राप्त हुआ है, जिससे जैन समाज में उत्साह का माहौल है।
यह शिविर 21 मई से 31 मई 2026 तक श्री आदिनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर, दुर्ग स्थित ऋषभदेव परिसर में आयोजित होगा। इसमें 13 से 25 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को भाग लेने का अवसर मिलेगा, जहां उनके आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सीए पदम बराडिय़ा, महामंत्री विनोद गोलछा एवं कार्यकारिणी ने शिविर के सफल संचालन हेतु सीए मिनेश छाजेड़ को संयोजक नियुक्त किया है। उनके नेतृत्व में विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जिसमें भोजन समिति, व्यवस्था समिति, पंजीयन समिति एवं स्वयंसेवक दल शामिल हैं।
शिविर में साध्वी भगवंतों का पावन सान्निध्य विशेष आकर्षण रहेगा। प.पू. साध्वी श्री मंजुला श्री जी म.सा. आदि ठाणा के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को धर्मज्ञान, अनुशासन, स्वाध्याय एवं जीवन मूल्यों की शिक्षा दी जाएगी।
कार्यक्रम में शास्त्र अध्ययन, प्रवचन, ध्यान, समूह गतिविधियाँ और मंच संचालन जैसी विविध गतिविधियाँ आयोजित होंगी। शिविर का उद्देश्य युवतियों में आत्मविश्वास, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।
आयोजकों ने सीमित स्थान को देखते हुए इच्छुक प्रतिभागियों से शीघ्र पंजीयन कराने की अपील की है।


