दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 अप्रैल। भिलाई-चरौदा नगर निगम में हुआ एएचपी आवासों का आबंटन महापौर निर्मल कोसरे के समक्ष लाटरी पद्धति से हितग्राहियों को मिला उनके सपनो का घर
किराये के मकान में रहने वाले परिवारों के लिए भिलाई-3 चरौदा निगम द्वारा सोमवार को एक सुनहरा अवसर प्रदान करते हुये प्रधानमंत्री आवास मोर-मकान मोर-आस का आबंटन किया गया। वार्ड क्र. 06 उमदा में लक्ष्मी मैरिज पैलेस जाने वाली रोड पर तालाब के किनारे निर्मित उमदा 87 एएचपी में से 23 आवासों को आबंटन करने लॉटरी पद्धति का इस्तेमाल किया गया। इन हितग्राहियों द्वारा 324600 रू. में मिलने वाले आवासों के लिए 10 प्रतिशत की राशि पूर्व से निगम कोष में जमा करा दी गई थी। आज यहा निर्धारण होने के उपरांत कि 87 आवासों में से कौन से मकान इन 23 लोगों को प्राप्त होंगे के पश्चात एक माह के भीतर शेष 292140 रूपये प्रत्येक हितग्राही को निगम कोष में जमा करना होगा जिसके बाद उन्हे विधिवत आवासो का आधिपत्य प्राप्त होगा।
निगम सभागार में लॉटरी प्रक्रिया से आवास आबंटन के दौरान महापौर निर्मल कोसरे नेता प्रतिपक्ष राम खिलावन वर्मा, एमआईसी सदस्य ईश्वर साहू, पार्षद श्रीमती प्रेमलता चंद्राकर सहित निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


