दुर्ग

केनाल रोड निर्माण के लिए 522.65 लाख मंजूर
21-Apr-2026 8:06 PM
केनाल रोड निर्माण के लिए  522.65 लाख मंजूर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 अप्रैल।
नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्र अंतर्गत जीई रोड से स्टेशन रोड को जोडऩे वाले साइंस कॉलेज के पीछे स्थित केनाल रोड के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य हेतु शासन द्वारा 16 अक्टूबर 2025 को 522.65 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

निर्माण कार्य के लिए नगर निगम द्वारा निविदा आमंत्रित की गई थी, जिसे निविदा समिति द्वारा अनुमोदित कर दिया गया है। वर्तमान में कार्यादेश जारी करने की प्रक्रिया प्रगति पर है, जिससे कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा सकेगा। नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग  के समन्वय से कार्य प्रारंभ करने की तैयारी पूर्ण कर ली गई है।

विद्युत शिफ्टिंग एवं वृक्ष कटाई कार्य पूर्ण,परियोजना अंतर्गत विद्युत पोल शिफ्टिंग एवं इलेक्ट्रिफिकेशन कार्य हेतु 25.89 लाख रुपये की राशि संबंधित विभाग को प्रदान की गई, जिसके तहत 33 केवी, 11 केवी एवं एलटी लाइन शिफ्टिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही वन विभाग को 6 लाख रुपये प्रदान कर वृक्ष कटाई का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।
परियोजना के अंतर्गत 380 मीटर लंबी एवं 15 मीटर चौड़ी बीटी सडक़ का निर्माण किया जाएगा। साथ ही 0.30 मीटर चौड़ा डिवाइडर, 380 मीटर लंबी नई केनाल (जिसमें 320 मीटर खुली एवं 60 मीटर कवर) का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त 16 दो-तरफा स्ट्रीट लाइट पोल एवं कॉलोनी एवं स्कूल के लिए 280 मीटर लंबा एप्रोच रोड भी विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन सुगम एवं सुरक्षित होगा।
आयुक्त ने बताया कि साइंस कॉलेज के पीछे स्थित केनाल रोड निर्माण के लिए नगर निगम को नोडल एजेंसी बनाया गया है। निगम द्वारा पोल शिफ्टिंग एवं वृक्ष कटाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। नहर शिफ्टिंग हेतु जल संसाधन विभाग से एनओसी की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। नगर निगम एवं पीडब्ल्यूडी के समन्वय से शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।


अन्य पोस्ट