दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 अप्रैल। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की भिलाई शाखा (सीआईआरसी) द्वारा पीयर रिव्यू बोर्ड के तत्वावधान में 18 अप्रैल को वन डे ट्रेनिंग प्रोग्राम ऑन पीयर रिव्यू का आयोजन आईसीएआई भवन, सिविक सेंटर, भिलाई में किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 50 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज की।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा अध्यक्ष सीए सुखदेव राठी के स्वागत उद्बोधन से हुआ, जिसमें उन्होंने पीयर रिव्यू के महत्व एवं प्रोफेशनल क्वालिटी एन्हांसमेंट में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। इस एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में पीयर रिव्यू के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों जैसे—रैशनल एवं महत्व, रिव्यू प्रोसीजर एवं रिपोर्टिंग, ्रक्तरूरू की भूमिका, तकनीकी एवं प्रोफेशनल स्टैंडर्ड्स का अनुपालन, क्वालिटी कंट्रोल फ्रेमवर्क, एथिकल स्टैंडर्ड्स तथा ऑडिट डॉक्यूमेंटेशन पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में वक्ता के रूप में सीए अनघ गुप्ता एवं सीए शशि गुप्ता ने अपने अनुभव एवं ज्ञान से प्रतिभागियों को समृद्ध किया। कार्यक्रम संयोजक के रूप में सीए अभय छाजेड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर भिलाई शाखा के पूर्व अध्यक्ष—सीए प्रदीप पाल, सीए मिनेष जैन, सीए नितिन रूंगटा, सीए पदम बराडिय़ा, सीए जवेरी लाल जैन एवं सीए राजेश बाफना की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही कोषाध्यक्ष सीए प्रभजीत सिंह जग्गी एवं सीआईसीएएसए चेयरमैन सीए तलविंदर सैनी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन सीए मुस्कान बख्तियार द्वारा किया गया। अंत में शाखा सचिव सीए प्रतीक अग्रवाल ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
यह कार्यक्रम सदस्यों के लिए ज्ञानवर्धक एवं व्यावसायिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करने की दिशा में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ। यह जानकारी मीडिया प्रभारी शंकर सचदेव ने दी।


