दुर्ग
भिलाई नगर, 21 अप्रैल। सडक़ हादसों पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए दुर्ग पुलिस इन दिनों एक्शन मोड में है। रविवार की रात दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए एक विशेष चेकिंग अभियान के दौरान 24 वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। इन सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई है।
प्रमुख मार्गों और ब्लैक स्पॉट्स पर सघन जांच
यातायात पुलिस की टीमों ने शहर के प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्गों सहित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक एवं ग्रे स्पॉट्स) पर देर रात तक नाकाबंदी की। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से संदिग्ध चालकों की सघन जांच की गई। पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए 14 दोपहिया, 7 चार पहिया और 3 भारी वाहनों को जब्त कर लिया।
न्यायालय में पेशी और भारी अर्थदंड
पकड़े गए सभी 24 चालकों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ मामले की गंभीरता को देखते हुए उन पर भारी जुर्माना भी लगाया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक दुर्ग पुलिस कुल 968 चालकों के खिलाफ धारा 185 के तहत कार्रवाई कर चुकी है।


