दुर्ग
विधायक ने सीएम को लिखा पत्र, कहा - धरोहर को बचाना जरूरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 अप्रैल। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने भिलाई के जुनवानी रोड कोहका स्थित रानी अवंती बाई सरोवर को संरक्षित करने और तालाब की जमीन को लेकर किए जा रहे दावों की उच्च स्तरीय प्रशासनिक जांच करने की मांग मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की है।
अक्सर देखा गया है कि ऐतिहासिक तालाबों और सरोवरों को पहले निजबारी या निजी जमीन घोषित करा कर उनके अस्तित्व को मिटाने की कोशिश की जाती है। कोहका के इस सरोवर के साथ भी कुछ ऐसा ही खेल खेला जा रहा है। मामला न्यायालय तक पहुँचा, लेकिन अब जब बिल्डरों और भू-माफियाओं की सक्रियता फिर से बढ़ी है, तो स्थानीय जनता और पर्यावरण प्रेमियों में भारी चिंता है।
विरासत बचाने की जंग
वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने इस संवेदनशील मुद्दे पर सीधे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग की है। ज्ञात हो कि विधानसभा में भी उन्होंने शासकीय जमीनों के संरक्षण का मुद्दा उठाया था।
श्री सेन ने कहा कि तालाब के आस-पास की जमीन का सीमांकन और राजस्व रिकॉर्ड की जांच अब अनिवार्य हो गई है। यदि समय रहते मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से उच्च स्तरीय जांच नहीं हुई, तो भू-माफिया इस सरोवर को कंक्रीट के जंगल में तब्दील करने में देर नहीं करेंगे। कोहका के बुजुर्गों और स्थानीय निवासियों के लिए रानी अवंती बाई सरोवर केवल पानी का गड्ढा नहीं, बल्कि उनकी परंपराओं का हिस्सा है। यदि आज यह तालाब मिट गया तो आने वाली पीढिय़ों के लिए पानी की बूंद-बूंद का संकट खड़ा हो जाएगा। इसलिए तालाब की जमीन को लेकर हो रहे दावों की निष्पक्ष जांच कर सरोवर संरक्षण के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।


