दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 अप्रैल। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बजरंग कुमार दुबे ने ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत ढौर, सावनी, दैमार एवं अमेरी का दौरा गया।
इस दौरान ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का अवलोकन करते हुए जल संरक्षण व वृक्षारोपण पर विशेष जोर देते आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। श्री दुबे ने वृक्षारोपण कार्यों एवं जल संरक्षण के तहत किए जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने जल संरक्षण गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने पर विशेष जोर दिया ग्राम पंचायत अमेरी में तालाब पार स्थित वृक्षारोपण कार्य एवं डब्ल्यूएटी निर्माण कार्य का निरीक्षण कर कार्यों में गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए। साथ ही अटल डिजिटल सेवा केंद्र का निरीक्षण कर पंचायत स्तर पर कर (टैक्स) संबंधी जानकारी ली गई तथा उसे पोर्टल में समय पर दर्ज करने के निर्देशित किया। पेंशन से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई एवं स्वच्छताग्राही दीदियों को मानदेय वितरण की जानकारी ली।
ग्राम पंचायत सावनी में अमृत सरोवर निर्माण एवं वृक्षारोपण कार्यों के बेहतर रखरखाव हेतु निर्देश दिए गए। वृक्षारोपण कार्यों में आरएएचओ की सहायता लेने तथा मछली पालन एवं सब्जी उत्पादन जैसी आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। साथ ही जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए डब्ल्यूएटी निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए गए।
अनुपस्थित सचिव को नोटिस जारी करने निर्देश
ग्राम पंचायत दैमार में अमृत सरोवर स्थल पर ट्री गार्ड चोरी होने की जानकारी मिलने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सचिव की अनुपस्थिति पर नोटिस जारी करने हेतु निर्देशित किया गया।


