दुर्ग
दुर्ग, 20 अप्रैल। देर रात लिस्टोमेनिया किचन एंड क्लब में पुलिस की दबिश में खुलासा हुआ कि अवैध रुप से बड़े आसानी से ग्राहकों को बीयर उपलब्ध कराया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 64 बोतल स्टॉक कंपनी की बीयर कुल 41.600 बल्क लीटर जब्त की है। ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि ऑपरेशन विश्वास के अंतर्गत थाना सुपेला क्षेत्र में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान देर रात पुलिस टीम टी-सूर्यामाल जुनवानी स्थित लिस्टोमेनिया किचन एंड क्लब की जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि क्लब संचालन का निर्धारित समय समाप्त होने के बाद संचालक अवैध लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से क्लब की छत पर बीयर छिपाकर रखी गई थी तथा ग्राहकों को अवैध रूप से उपलब्ध कराई जा रही थी। मौके पर आरोपी संजय गुप्ता ( 41 वर्ष) निवासी सेक्टर-04 को पकडक़र उसके कब्जे से 64 बोतल बीयर जब्त की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की है।


