दुर्ग

सिलबट्टे से पति की हत्या
20-Apr-2026 12:52 PM
 सिलबट्टे से पति की हत्या

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 अप्रैल।
छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापारा केम्प -2 पावर हाउस इलाके में घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां पत्नी ने अपने ही पति की सिलबट्टे से वार कर हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पर ने बताया कि मृतक की पहचान डोमन लाल साहू (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शराब का आदी बताया जा रहा है। बीती दोपहर किसी बात को लेकर उसकी पत्नी हीरामन साहू (36 वर्ष) से विवाद हुआ था। विवाद के बाद पत्नी ने छावनी थाने में पति के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी।

बताया जा रहा है कि देर शाम डोमन लाल शराब के नशे में घर लौटा और थाने में की गई शिकायत को लेकर पत्नी से फिर विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि देर रात करीब 9.30 बजे गुस्से में आकर पत्नी हीरामन साहू ने घर में रखे सिलबट्टे से पति के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से डोमन लाल की मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य मोहम्मद सलमान खान के अनुसार, मृतक ने घटना से पहले अपने बच्चे के साथ भी मारपीट की थी, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला भेजा गया, जहां आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है।

 


अन्य पोस्ट