दुर्ग
भिलाई नगर, 19 अप्रैल। दुर्ग शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत उतई तिराहा के पास बीती रात पत्नी के साथ अवैध संबंधों के संदेह में एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी आज गिरफ्तार कर लिया गया है।
उतई तिराहा टेम्पो स्टैंड के पास हुई वारदात
पुलिस के अनुसार परदेशी राम निर्मलकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र हेमंत निर्मलकर शनिवार की रात करीब 10 बजे उतई तिराहा स्थित टेम्पो स्टैंड के पास खड़ा था। इसी दौरान आरोपी अंकित सिन्हा ने पुरानी रंजिश और संदेह के चलते हेमंत पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
हमले में हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे शंकरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।
संदेह बनी हमले की वजह
पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी अंकित सिन्हा को अपनी पत्नी और हेमंत के बीच संबंधों को लेकर संदेह था। इसी शक की आग में जलते हुए अंकित ने बदला लेने की योजना बनाई और मौका मिलते ही हमला कर दिया। आरोपी मूलतः ग्राम बोरतरा (बालोद) का निवासी है और वर्तमान में मांढर (रायपुर) में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।


