दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 अप्रैल। प्रेम संबंध में संदेह एवं आपसी विवाद के बाद प्रेमिका का किसी अन्य के साथ संबंध होने के शक को लेकर कॉलेज में पढ़ रही युवती की गला घोटकर हत्या कर देने वाले बॉयफ्रेंड आरोपी को पद्मनाभपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
आरोपी के खिलाफ धारा 103 (1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मृतका युनेश्वरी वर्मा (26 वर्ष) का पोस्टमार्टम कराये जाने के बाद पुलिस ने शव ग्राम चिचोला जिला खैरागढ़ से आए परिवार वालों को सौंप दिया है। मृतका के बड़े भाई पावेन वर्मा ने इस दुखद घटना पर रोते हुए प्रशासन के समक्ष मांग रखी है कि अब उसकी बहन लौटकर आने वाली नहीं है लेकिन आरोपी को फांसी की सजा दी जाए।
मूल रूप से खैरागढ़ जिले के चिचोला की रहने वाली युनेश्वरी वर्मा दुर्ग में रहकर पढ़ाई कर रही थी। आरोपी कार्तिक राम साहू (27) ग्राम देंगरा पार बालोद जिले का रहने वाला था। पढ़ाई के दौरान दोनों की जान पहचान हुई थी। युनेश्वरी वर्मा पढ़ाई के लिए पुलगांव में किराए के मकान में रह रही थी जबकि कार्तिक राम सुभाष नगर में किराए के मकान में रहता था। आरोपी ने युवती को पुलगांव के किराए के मकान को छोडक़र अपने पास सुभाष नगर के किराए के कमरे में रखा था।
दोनों कोलिहापुरी के डीएम कॉलेज में एक साथ बीएड की पढ़ाई कर रहे थे। दोनों के बीच धीरे-धीरे प्रेम हो गया था। 17 अप्रैल की दोपहर को कार्तिक राम युनेश्वरी को लेकर अपने रूम में पहुंचा था। उन दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर आरोपी कार्तिक ने युनेश्वरी का गला दबा दिया जिससे उसकी मौत हो गई थी। मौके पर पहुंची पद्मनाभपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई एवं साक्ष्य संकलन करते आरोपी को हिरासत में ले लिया था। पुलिस ने शुक्रवार को शव जिला अस्पताल के मर्चुरी में भिजवा दिया था। शनिवार को परिजनों के सामने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई।