दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 18 अप्रैल। स्वावलंबन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शुक्रवार को स्वावलंबन केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सुधीर दाते (क्षेत्रीय संयोजक व क्षेत्रीय समन्वक, स्वदेशी जागरण मंच) व विशेष अतिथि के रूप में सुनील मनघट (महाराष्ट्र एवं छत्तीसगढ़ संगठक हिंदू जन जागृति समिति, राष्ट्रीय संगठक मंदिर महासंघ) उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन व महिला चेम्बर अध्यक्ष सुमन कनोजे ने पुष्प गुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर अतिथियों का स्वागत व सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान सुधीर दाते ने स्वावलंबन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के समय में आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनना अत्यंत आवश्यक है। विशेष अतिथि सुनील मनघट ने समाज को जागरूक करते हुए हलाल
प्रमाणन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी और इस विषय पर सजग रहने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री अजय भसीन कहा कि उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों और विकल्पों के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा स्थानीय उत्पादों और सेवाओं को बढ़ावा देकर स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक, व्यापारीगण एवं युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संजय चौबे, सुशील जैन,लक्षमण बकतानी, राकेश मल्होत्रा,सुमन कनोजे ,सरोजनी पाणिग्रही, रश्मि वर्मा,टीना सातपुते,विकास जायसवाल व अनेक पदाधिकारी व महिला चेम्बर के पदाधिकारि उपस्थित थे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक सकारात्मक कदम बताया। यह जानकारी मीडिया प्रभारी शंकर सचदेव ने दी।


