दुर्ग

आधा सैकड़ा हितग्राहियों को महीनों से खाद्यान्न अप्राप्त
15-Apr-2026 7:49 PM
आधा सैकड़ा हितग्राहियों को महीनों से खाद्यान्न अप्राप्त

कलेक्टर को नगपुरा सरपंच ने सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 अप्रैल।
केवाईसी के अभाव में ग्राम नगपुरा के आधा सैकड़ा हितग्राहियों को महीनों से खाद्यान्न अप्राप्त है। सरपंच ने खाद्यान्न से वंचित हितग्राहियों के लिए उचित व्यवस्था बनाने की मांग की है इस संबंध में ग्राम पंचायत नगपुरा सरपंच सरोज रिगरी ने कलेक्टर को ज्ञापन  सौंपा है।

उन्होंने बताया हैं कि ग्राम पंचायत नगपुरा के लगभग 55 हितग्राहियों को विगत 6 माह से खाद्यान्न प्राप्त नहीं हो रहा है, जिसके सम्बंध में जानकारी ली गई तो सेल्समेन द्वारा बताया गया कि हितग्राहियों का उम्रदराज होने के कारण अंगूठा एवं आंख के के.वाई.सी नहीं हो रहा हैं। जिसके कारण खाद्यान नहीं दी जा रही हैं खाद्यान से वंचित हितग्राहियों को खाद्यान दिलाने हेतु उचित व्यवस्था की जाय खाद्यान से वंचित हितग्राहियों में बुजबाई, लीला बाई, अमरनाथ, जानकी, अर्जुन सेन, कुंज बाई, चंदू मांडले, कुमारी सेन, सुखचैन निषाद, धनीराम, मंगतीन, पूनाबाई, मंगलीन सिन्हा, चैती रिगरी, दुलिया बाई, मंटोरा साहू, अमरु, अवध, पूरन, दूजे राम मेहतरीन आदि शामिल है।

बायो मैट्रिक्स नहीं ले पाने की वजह से नहीं हो पा रहा केवाईसी
राशन दुकान संचालक रज्जू सोनी का कहना है कि कुछ ऐसे परिवार है जिनमें किसी सदस्य का बायो मैट्रिक्स नहीं ले पा रहे हैं जिन्हें खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा लगभग आधा सैकड़ा हितग्राहियों का बायोमैट्रिक्स नहीं ले पाने की वजह से केवाईसी नहीं हो पा रहा है। बुजुर्गों के अलावा अपवाद स्वरूप कुछ युवा व बच्चों का भी बायोमैट्रिक्स नहीं ले पाने की वजह से केवाईसी नहीं हो पाया है जिन्हें खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है।


अन्य पोस्ट