दुर्ग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 10 अप्रैल। अप्रैल की शुरुआत के साथ ही आसमान से बरसती आग और बढ़ते तापमान ने जनजीवन बेहाल कर दिया है। ऐसी भीषण गर्मी में भी शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सड़कों पर तैनात रहने वाले ट्रैफिक जवानों की सेहत को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है।
डीआईजी/एसएसपी की संवेदनशील पहल
आज पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा यातायात विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए विशेष राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तेज धूप और लू (गर्म हवाओं) के बीच घंटों खड़े रहकर ड्यूटी करने वाले जवानों को गर्मी से बचाने के लिए सफेद गमछे और ठंडा पानी रखने के लिए इंसुलेटेड पानी की बोतलें वितरित की गईं।
सेहत को लेकर दिए खास निर्देश
सामग्री वितरण के दौरान जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। जिसमें ड्यूटी के दौरान नियमित अंतराल पर पानी पीते रहने की सलाह दी गई। सिर और गर्दन को सफेद गमछे से ढंककर रखने के निर्देश दिए गए ताकि 'हीट स्ट्रोक' से बचा जा सके। किसी भी प्रकार की शारीरिक अस्वस्थता, चक्कर आने या कमजोरी महसूस होने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करने को कहा गया है।
कार्यक्षमता बढ़ाने का प्रयास
यातायात पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि जवान सुबह से देर शाम तक चौराहे पर धूल और धूप के बीच तैनात रहते हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जवानों को शारीरिक कष्ट से राहत दिलाना है ताकि वे पूरी ऊर्जा और कार्यक्षमता के साथ अपनी ड्यूटी निभा सकें।


