दुर्ग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 10 अप्रैल। सुपेला पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो सफेद बोरी में गांजा भर कर ग्राहकों की तलाश कर रहा था। आरोपी के पास से सवा दो किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद किया गया है।
कचरा मैदान के पास बेच रहा था गांजा
कल शाम सुपेला पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि लक्ष्मी मार्केट स्थित कचरा मैदान के पास बिजली ट्रांसफार्मर के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा है और अवैध रूप से गांजा बेच रहा है।
सूचना मिलते ही सुपेला थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई और मौके पर दबिश दी गई।
घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया। आरोपी की पहचान सौरभ साखरे उर्फ सोनू (20 वर्ष) निवासी अंबेडकर नगर भिलाई के रूप में हुई है।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास मौजूद सफेद बोरी से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ। उससे पुलिस ने 2 किलो 250 ग्राम गांजा, आईफोन जब्त किया है। आरोपी सौरभ साखरे के विरुद्ध थाना सुपेला में धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह खेप कहाँ से लाया था और शहर में किन-किन लोगों को सप्लाई करने वाला था।


