दुर्ग

गोदाम से रुपए चुराने की कोशिश, अपराध दर्ज
10-Apr-2026 4:52 PM
गोदाम से रुपए चुराने की कोशिश, अपराध दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग,10 अप्रैल।
बिस्किट व कोल्ड ड्रिंक के गोदाम में पहुंचकर दो अज्ञात आरोपियों ने खंजर जैसा औजार दिखाकर नगदी रकम चोरी करने का प्रयास किया। प्रार्थी की शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 312, 331(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच मैं लिया है।

पुलिस ने बताया कि प्रार्थी रितेश कुमार खत्री चार्टर्ड अकाउंटेंट का काम करता है। उसके छोटे भाई शैलेश खत्री का करहीडीह चौक के पास नवजीवन हॉस्पिटल के पीछे शैलेश इंटरप्राइजेज के नाम से बिस्किट एवं कोल्ड ड्रिंक का गोदाम है। प्रार्थी भी बीच-बीच में गोदाम में देखरेख का काम करता है।

7 अप्रैल को उसका भाई शैलेश किसी काम से बाहर गया हुआ था, तब प्रार्थी गोदाम में अकेले था। शाम लगभग 7.30 बजे गोदाम में दो अज्ञात लडक़ों के द्वारा खंजर जैसे औजार को दिखाकर गोदाम से नगदी रकम चोरी करने का प्रयास किया गया।
 प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि दो लोग चुपचाप से गेट खोलकर प्रार्थी के पास पहुंचे और कहा कि कोई काम मिल सकता है क्या। इस पर प्रार्थी ने कहा कि मिल जाएगा अपना मोबाइल नंबर दे दीजिए। तब उसमें से एक लडक़ा मोबाइल नंबर दिया।
एक व्यक्ति नकाब में था, बात करने के दौरान आरोपी ने अपना नकाब उतार लिया और कहा कि डरो मत हम कुछ नहीं करेंगे और दोनों गोदाम की ओर अंदर बढऩे लगे। जब प्रार्थी ने उन्हें गोदाम के अंदर जाने से मना किया तो आरोपियों ने हाथ में खंजर जैसा रखा औजार दिखाए और गल्ले में हाथ डालकर रकम चुराने की कोशिश किये। इस पर प्रार्थी ने हिम्मत दिखाते हुए स्टील बॉटल जोर से एक आरोपी के सिर पर मारा और चोर- चोर कह कर चिल्लाया। इस पर दोनों आरोपी वहां से भाग निकले।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट