दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग,10 अप्रैल। पुलगांव थाना अंतर्गत ग्राम कोनारी के पास गुरुवार की सुबह दुपहिया वाहन एक्सेल को माल वाहक बोलेरो पिकअप वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। पिकअप बोलेरो वाहन की टक्कर से दो पहिया वाहन सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटनास्थल पर गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्तियों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को तुरंत मृत घोषित कर दिया।
वहीं एक अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों ही मामले में पोस्टमार्टम के बाद पुलगांव पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है और आगे की जांच कर रही है।
पुलगांव थाना प्रभारी गुरविंदर संधू ने बताया कि सुबह लगभग 9 बजे बालोद सब्जी मार्केट से लोड होकर दुर्ग की ओर आ रही पिकअप बोलेरो वाहन सीजी 04 क्यु ई 1977 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए एक्सेल वाहन सीजी 24 वाई 1748 सवार 68 वर्षीय प्यारेलाल साहू निवासी ग्राम चंदखुरी तथा 51 वर्षीय बालोद निवासी गेंदलाल को टक्कर मार दिया।
इसके बाद अनियंत्रित होकर बोलेरो वाहन आगे जाकर पलट गई। इससे एक्सेल वाहन सवार दोनों लोगों को गंभीर चोटे आई।
गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को अस्पताल ले जाते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया वहीं दूसरे की इलाज के दौरान मौत हो गई।
थाना प्रभारी गुरविंदर संधू ने बताया कि वाहन चालक घटना के बाद फरार हो गया है जिसकी तलाश में टीम लगा दी गई है। माल वाहक को जब्त कर लिया गया है। आगे की जांच की जा रही है।


