दुर्ग

सिगरेट मांगने पर विवाद, युवक पर हमला, तीन गिरफ्तार
09-Apr-2026 8:39 PM
सिगरेट मांगने पर विवाद, युवक पर हमला, तीन गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 9 अप्रैल। छावनी थाना क्षेत्र के अहमद नगर कैंप-2 के एक कैरम सेंटर के भीतर सिगरेट मांगने की बात पर हुए विवाद के बाद तीन युवकों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोहम्मद वसी 7 अप्रैल को अहमद नगर स्थित अयाज अहमद सिद्दीकी के कैरम सेंटर में बैठा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उनसे सिगरेट मांगी। वसी द्वारा मना किए जाने पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और वसी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने वसी का गला दबाकर और धारदार वस्तु से प्रहार कर उसे जान से मारने की कोशिश की।

घटना की शिकायत के बाद छावनी पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं 296, 351(3), 118(1), 109, 3(5)) में मामला दर्ज किया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने दबिश देकर मोहम्मद रफिक, वसीम कुरैशी उर्फ कालू और रज्जा अहमद उर्फ पप्पू को हिरासत में ले तफ्तीश की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हमले में इस्तेमाल की गई धारदार नुकीली वस्तु और एक पानी की बोतल बरामद की है।


अन्य पोस्ट