दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 अप्रैल। दुर्ग विधानसभा अंतर्गत गयानगर वार्ड 4 में भ्रमण के दौरान उचित मूल्य की दुकान का केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वहां उपस्थित हितग्राहियों से सीधे संवाद कर राशन वितरण व्यवस्था की जानकारी ली एवं उन्हें मिलने वाली राशन सामग्री के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
श्री यादव ने निरीक्षण के दौरान स्वयं हितग्राही को चावल मापकर दुकान में उपलब्ध माप यंत्र की सटीकता की जांच की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को निर्धारित मात्रा में पूर्ण एवं सही राशन प्राप्त हो। इस पहल से वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और आम नागरिकों का विश्वास सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया।
उन्होंने वार्डवासियों से चर्चा के दौरान उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे राशन वितरण व्यवस्था को और अधिक सुचारु, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके।


