दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 7 अप्रैल। रेलवे परियोजना सर्वे के दौरान कुछ किसानों को हिरासत में लिया गया, जिसके बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर एवं प्रशासन की सार्थक पहल से मामला सुलझा। संवाद और समन्वय से किसानों की नि:शर्त रिहाई की गई।
खरसिया-परमारकसा रेलवे परियोजना के अंतर्गत दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र के प्रभावित गांवों में प्रशासन द्वारा भूमि सर्वे का कार्य किया गया। सर्वे के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी तैनात था।
इस दौरान प्रभावित किसान अपनी मांगों को प्रशासन और मीडिया के समक्ष रख रहे थे। किसानों ने बताया कि वे भूमि अधिग्रहण के बदले मुआवजे सहित अन्य मांगों को लेकर लंबे समय से प्रयासरत हैं।
इसी बीच पुलिस द्वारा कुछ किसानों को हिरासत में लिया गया, जिसके बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी।
घटना की जानकारी मिलने पर जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर अन्य पदाधिकारियों के साथ थाना उतई पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर अभिजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल से मुलाकात कर किसानों की मांगों और स्थिति से अवगत कराया।
प्रशासन द्वारा मामले की समीक्षा के बाद हिरासत में लिए गए किसानों को रिहा कर दिया गया। इसके बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो गई।
रिहा किए गए किसानों में अमित कुमार साहू, गोपेश्वर साहू, धनऊ कोसरे और पुनाराम देवांगन शामिल हैं।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि किसानों की मांगों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।
राकेश ठाकुर ने कहा कि विकास कार्यों के साथ किसानों के हितों का ध्यान रखना आवश्यक है। घटनाक्रम के दौरान बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय लोग मौजूद रहे।