दुर्ग

रूपये डबल और लोन का झांसा दे लाखों की ठगी, आरोपी महिला गिरफ्तार
06-Apr-2026 9:13 PM
रूपये डबल और लोन का झांसा दे लाखों की ठगी, आरोपी महिला गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 6 अप्रैल। दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में भोले-भाले लोगों को कम समय में रूपया दोगुना करने और आसान लोन दिलाने का लालच दे लाखों की धोखाधड़ी करने वाली एक शातिर महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने अलग-अलग मामलों में 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है।

दो अलग-अलग मामलों में हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार रविवार को पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में दर्ज दो शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए रायपुर नाका निवासी लक्ष्मी टांडी को हिरासत में लिया गया है। जांच में सामने आया कि महिला लोगों को अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में फंसाकर उनसे पैसे ऐंठती थी।

पहले मामले में आरोपी ने सारपल्ली भास्कर नाम के व्यक्ति को मात्र 6 महीने में निवेश की गई रकम दोगुनी करने का लालच दिया। झांसे में आकर पीडि़त ने महिला को करीब 3 लाख रुपये नगद दिए और 7 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर किए। कुल 10 लाख रुपये लेने के बाद महिला ने न तो रूपये लौटाया और न ही संपर्क किया।

दूसरे मामले में आरोपी ने कविता श्रीवास्तव को आसान किस्तों पर लोन दिलाने का भरोसा दिलाया। लोन पास कराने की फीस के नाम पर उसने पीडि़ता से 10 हजार रुपये ऑनलाइन और 50 हजार रुपये नकद ले लिए। इसके बाद आरोपी महिला ने न लोन दिलाया और न ही पीडि़त के पैसे वापस किए।

 

पुरानी अपराधी है लक्ष्मी टांडी

पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी महिला के खिलाफ साल 2024 में सुपेला थाना में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज हो चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने सुधार के बजाय ठगी का वही सिलसिला फिर से शुरू कर दिया।

पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने दोनों पीडि़तों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब महिला के बैंक खातों और उससे जुड़े अन्य लेन-देन की बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।


अन्य पोस्ट