दुर्ग

वृद्धा का मंगलसूत्र झपट कर भाग रहा आरोपी रंगे हाथों गिरफ्तार
06-Apr-2026 4:28 PM
वृद्धा का मंगलसूत्र झपट कर भाग रहा आरोपी रंगे हाथों गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 6 अप्रैल। भिलाई नगर पुलिस और जागरूक नागरिकों की तत्परता से कल शाम लूट की एक वारदात को नाकाम करते हुए आरोपी को चंद मिनटों में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र बरामद कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार 5 अप्रैल को प्रार्थिया रमीला वर्मा (65 वर्ष), निवासी सेक्टर 6, सडक़ 17, मार्केट से दवाइयां लेकर अपने घर पैदल लौट रही थीं। शाम लगभग 7.45 बजे, जब वह स्ट्रीट 17 के पास पहुंचीं, तभी एक अज्ञात युवक ने उनसे पता पूछने के बहाने रोका।

पता बताने के दौरान ही आरोपी ने अचानक महिला के गले पर झपट्टा मारकर उनका सोने का मंगलसूत्र खींच लिया और सेंट्रल एवेन्यू की ओर भागने लगा।

 

त्वरित पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी

महिला द्वारा शोर मचाने पर क्षेत्र में गश्त कर रहे सीएसपी भिलाई नगर और थाना भिलाई नगर की पेट्रोलिंग टीम तत्काल सक्रिय हुई। पुलिस टीम ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से घेराबंदी कर भाग रहे आरोपी को पीछा करके पकड़ लिया।

आरोपी की पहचान एवं बरामदगी

पकड़े गए आरोपी हर्ष चंद्राकर खुर्सीपार भिलाई की तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से छीना हुआ मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया है। आरोपी को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है।  थाना भिलाई नगर में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट