दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 अप्रैल। अमरकंटक एक्सप्रेस में सवार एक महिला ने अपने दो माह की मासूम बच्ची को एक अन्य यात्री के पास थमा दिया और महिला स्टेशन पर उतर कर फरार हो गई। लोगों की मदद से उस मासूम बच्ची को आरपीएफ दुर्ग को सौंपा गया। चाइल्डलाइन की टीम ने बच्ची को तुरंत मातृ छाया को सौंप दिया। बच्ची को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया जाएगा जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक दुर्ग अमरकंटक ट्रेन में दो दिन पूर्व सवार एक महिला जो अपने गोद में 2 महीने की बच्ची को लिए हुए ट्रेन में सवार हुई थी। उसके ही पास में गरियाबंद जिले की एक महिला यात्री जो अपनी बेटी को भिलाई में पढ़ाने के लिए एडमिशन करने जा रही थी, वह बैठी हुई थी। फरार महिला ने अपनी लगभग दो माह के बच्ची सौंपते कहा कि थोड़ी देर पकडि़ए मैं अभी आ रही हूं। यह कह कर वह चकमा देते हुए प्लेटफार्म पर उतर गई, इसके बाद वापस नहीं लौटी। जब काफी देर हो गई तब यात्री महिला ने आसपास के अन्य लोगों से पूछताछ की। तब लोगों ने बताया कि वह महिला कटनी से ही इस ट्रेन में सफर कर रही थी। महिला यात्री ने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन को सूचना दी। ट्रेन दुर्ग स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ की टीम ने बच्ची को अपने कब्जे में लिया।