दुर्ग
दुर्ग, 4 अप्रैल। बस चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल चालक को टक्कर मार दी, इससे मोटरसाइकिल चालक को चोटें आई और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया। शिकायत के बाद पद्मनाभपुर पुलिस आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में जुटी है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी गंजपारा वार्ड 38 निवासी है और वह मजदूरी का काम करता है। उसका साला सुनील यादव ग्राम हनोदा निवासी है जो नगर निगम दुर्ग में ड्राइवरी का काम करता है। वह अपनी मोटरसाइकिल 07 ए एन 5068 से दुर्ग से बोरसी होते हुए हनोदा जा रहा था। लक्ष्मी स्टोर्स बोरसी हनोदा रोड के पास पहुंचा था। उसी समय बस सीजी 07 ई 1613 के चालक ने वाहन को तेज एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए सुनील यादव की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
इससे सुनील यादव के चेहरे, हाथ, पैर में चोटें आई थी। उसे इलाज के लिए शंकराचार्य अस्पताल जुनवानी एवं पल्स अस्पताल नेहरू नगर ले जाकर इलाज के लिए भर्ती किया गया था। घायल के ठीक होने के बाद शिकायत दर्ज कराई गई है।


