दुर्ग
करदाताओं से अपील,बकाया जमा कर कार्रवाई से बचें
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 मार्च। नगर निगम के आयुक्त सुमित अग्रवाल के सख्त निर्देशों के बाद राजस्व अधिकारी आरके बोरकर के मार्गदर्शन में निगम का राजस्व विभाग अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। लंबे समय से बकाया कर राशि जमा नहीं करने वाले करदाताओं के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। निगम प्रशासन द्वारा स्पष्ट कर दिया गया है कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में राजस्व विभाग की टीम, सहायक राजस्व अधिकारी थानसिंह यादव,राजस्व उप निरीक्षक संजय मिश्रा, उद्यान प्रभारी अनिल सिंह, अतिक्रमण प्रभारी परमेश्वर कुमार, खिलावन शर्मा, नितिन श्रीवास के नेतृत्व में वार्ड क्रमांक 49 में पहुंची, जहां बकायादार जेएन मेहता के यहां 46,510 रुपये एवं आरएस कोचर 1,04272 रूपये की बकाया राशि लंबे समय से जमा नहीं किए जाने पर नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने अन्य बकायादारों को भी सख्त चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही बकाया राशि जमा नहीं की गई तो इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
आयुक्त सुमित अग्रवाल ने शहर के सभी करदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि वे निगम के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें और समय पर करों का भुगतान करें। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा लगातार समझाइश और सूचना देने के बावजूद यदि बकाया जमा नहीं किया जाता है, तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करना आवश्यक हो जाता है। अत: सभी नागरिक स्वप्रेरणा से अपने बकाया करों का भुगतान कर निगम के विकास कार्यों में सहयोग करें और अनावश्यक कार्रवाई से बचें। नगर निगम द्वारा यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा सभी वार्डों में बकायादारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की।


