दुर्ग

तांदुला जलाशय से 12 सौ क्यूसेक पानी छोड़ा
29-Mar-2026 5:37 PM
तांदुला जलाशय से 12 सौ क्यूसेक पानी छोड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 29 मार्च। निस्तारी की समस्या व गिरते भूजल स्तर की समस्या को देखते हुए तांदुला जलाशय से 12 सौ क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा जिले के आठ सौ निस्तारी तालाबों में पानी भरा जाएगा। गिरते भूजल स्तर की समस्या के चलते अनेक हैण्डपंप बंद हो गए हैं। निस्तारी तालाबों में पानी भरने से बंद हो चुके हैण्डपंप भी रिचार्ज होंगे। 

गौरतलब है कि निस्तारी तालाबों के सूखने एवं गिरते भू जल स्तर की वजह से हैंडपंपों में पानी नहीं आने के कारण गहराते जल संकट को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी। इसके बाद तांदुला मुख्य नहर से छोड़े जा रहे पानी की मात्रा बढ़ाने के साथ माइनर नहरों में भी निस्तारी तालाबों को भरने पानी छोड़ दिया गया है। जनपद उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी ने बताया कि नहर से होकर तालाबों में पानी पहुंचना भी शुरू हो गया है।

जलसंसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता सुरेश पाण्डेय का कहना है कि पाटन, बेरला, दुर्ग सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पानी की बहुत मांग है। जिसे देखते हुए तांदुला से फिलहाल 1200 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इनमें से 800 क्यूसेक पानी दुर्ग जिले तक पहुंच रहा है। शेष का बालोद जिले में खपत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पानी बहुत कीमती है नहरों में छोड़ा गया पानी व्यर्थ न बहे। इसका ध्यान रखते हुए पानी का सदुपयोग करे। विभाग का मैदानी अमला को भी इसके लिए मानिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।


अन्य पोस्ट