दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 मार्च। चैत्र नवरात्रि के अष्टमी पर शहर विधायक एवं केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव शहर के विभिन्न देवी मंदिर पहुँचे और माता के दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान खीर पूड़ी और खिचड़ी के भोग भंडारा में हाथ भी बंटाये।
मंत्री श्री यादव ने कहा की समस्त देवी शक्ति का स्वरुप होती है। नौ दिन हम सभी ने माता की भक्ति की है, उसका आशीर्वाद मिलेगा। अष्टमी पर केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव परिवार सहित चंडी मंदिर और बैगापारा स्थित शीतला मंदिर पहुँचे देवी दर्शन कर आशीर्वाद लिए और प्रदेशवासियों की उन्नति प्रगति के लिए कामना की। मंदिर में पूजा अर्चना पश्चात ज्योत जंवारा के भी दर्शन किये।
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने रामनवमी पर्व के अवसर पर दुर्गवासियों सहित प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चल कर प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। प्रभु राम आदर्श के प्रतीक हैं और उनके आदर्शों पर चलने से श्रेष्ठ विचारों का निर्माण होता है। भगवान राम के विचारों को आत्मसात कर मनुष्य अपना सर्वांगीण विकास कर सकता है।