दुर्ग

ढाई साल से अनव कर रहा ढोलक वादन, भजन गायन भी नरेश बनवासी
27-Mar-2026 4:01 PM
ढाई साल से अनव कर रहा ढोलक वादन, भजन गायन भी  नरेश बनवासी

दुर्ग, 27 मार्च (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता) पांच साल का अनव सुरोषी ढाई साल की उम्र से ढोलक वादन कर रहा है। ढोलक बजाते हुए अपनी तोतली आवाज में वह भजन गायन भी करता है। अनव किचन में रखे डिब्बों को हमेशा ढोलक के रूप में बजाता रहता था। इसे देख उनके माता-पिता ने उन्हें महज ढाई साल की उम्र में ही ढोलक लाकर दिया, तब से वह ढोलक वादन करता आ रहा है।

अनव इन दिनों पद्मनाभपुर निवासी अपनी नानी की महिला भजन मंडली के साथ जाकर ढोलक वादन करते नजर आता है। उनकी माता दीप्ति सुरोषी बताती है कि उनका बेटा दो-ढाई साल की उम्र से अपनी नानी के साथ भजन मंडली में जाता है उन्हीं से प्रभावित होकर वह घर में आने के बाद किचन का छोटा डिब्बा निकाल कर बजाने लगता था। अपने बेटे के इस लगाव को देख उन्होंने एवं अनव के पिता विशाल सुरोषी ने उनके लिए ढोलक खरीदने का निर्णय लिया और उन्हें ढोलक लेकर दिया ताकि उनके बेटे की इस कला में निखार आ सके। अब इसमें उनकी रूचि को देखते हुए वे अनव को संगीत क्लास में दाखिल करने का भी सोच रहे हैं।

उन्होंने बताया नवरात्रि के समय उनकी माँ की भजन मंडली को लोग मंदिरों एवं अपने घरों में भजन गायन के लिए बुलाते हैं। जिनके साथ अनव भी अपना ढोलक लेकर जाता है और भजन की धुन पर ढोलक बजाता है।


अन्य पोस्ट