दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 21 मार्च। सेवा संकल्प समिति कुम्हारी द्वारा नगर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष को एक ज्ञापन सौंपा। समिति ने नगर में व्याप्त गंभीर समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए इसके त्वरित समाधान की मांग की है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि समिति हमेशा से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही है और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहती है। इसी कड़ी में नगर की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया है।
सदस्यों ने मुताबिक दिनों नगर के अधिकांश वार्डों में नालियां जाम हैं और जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। गर्मी बढऩे के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। समिति ने नियमित सफाई, कीटनाशक छिडक़ाव और फॉगिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
साथ ही इस भीषण गर्मी के बीच गरीब एवं आम नागरिकों को पेयजल का बकाया या तकनीकी कारणों के नाम पर पेयजल सुविधा से वंचित करना अमानवीय बताया गया। समिति ने इस मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील की है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ असामाजिक तत्व नगर पालिका के नाम पर नागरिकों को धमकाकर अवैध वसूली कर रहे हैं। इन पर तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए। नगर के कई वार्डों में अवैध शराब बिक्री एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों पर भी चिंता जताई।
समिति ने चेतावनी दी है कि यदि इन समस्याओं पर शीघ्र कोई ठोस एवं सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आम जनता के हितों की रक्षा के लिए समिति के सदस्यों द्वारा नगर पालिका का घेराव एवं उग्र धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से प्रणव श्रीवास्तव, सुजीत यादव, आलोक दुबे, हीरा सिन्हा, सुरेंद्र शर्मा, पुरेंद्र साहू, हरीश सोनी, भूपेंद्र मानिकपुरी, गोविंद बघेल, दीपक बैस, सौरभ पाण्डेय, आशीष शुक्ला, लोकेश साहू, होमेंद्र साहू, सूरज यादव, राजू निषाद, सुनील शाह, तिलक परिहार, गोविंद देवांगन, अमित नंदेश्वर, विकास सोनी, घनश्याम सोनकर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।